शुरू न्यूज़
संत कबीर नगर जिले के बिधियानी चौराहे पर कई वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध-प्रदर्शन किया। जनप्रतिनिधियों की कथित उदासीनता के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने बिधियानी चौराहे पर ‘बुद्धि-शुद्धि यज्ञ’ और हवन-पूजन का आयोजन कर जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई। इस शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया और जनप्रतिनिधियों से जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील होने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विवेक वर्मा (गोलू) ने कहा कि बिधियानी क्षेत्र की यह महत्वपूर्ण संपर्क सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़ी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और स्थानीय व्यापारियों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस प्रदर्शन में गोरखनाथ मिश्रा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ सिंह, सभासद रोहित पांडे, अम्बर चतुर्वेदी, शुभम राय, गौरव मोदनवाल, सुयश खान, रतनदीप सिंह भारती, राज गोविंद गुप्ता, मृत्युंजय राय, सुनील श्रीवास्तव, पंकज यादव, अरविंद चौधरी और गणेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। पिछले वर्ष भी लोगों ने सड़क के गड्ढों में धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया था, लेकिन उसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ सिंह ने चेताया कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जनता को बार-बार आंदोलन करने पर मजबूर होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई, तो क्षेत्रीय नागरिक लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करने को विवश होंगे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड