शुरू न्यूज़
संत कबीर नगर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने जिला स्तर पर संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और स्वास्थ्य संकेतकों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन व उनके आउटपुट की सतर्क निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया द्वारा एजेंडा बिंदुओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति और लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के रूटीन टीकाकरण और बच्चों में कुपोषण की स्थिति की जांच आदि की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने को कहा। प्रसव सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को शत-प्रतिशत प्राइवेट एवं घरेलू प्रसव की ट्रैकिंग कराने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्रामीण स्तर पर कार्यरत आशा और एएनएम से संबंधित सभी स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा संबंधित चिकित्साधिकारी व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक कार्यकत्री के सापेक्ष सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सभी चिकित्साधिकारियों को अपने-अपने चिकित्सालयों में मरीजों के लिए बुनियादी सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, पानी, शौचालय, व्हीलचेयर और आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों का सुचारू संचालन सुनिश्चित रखने को कहा। बैठक में जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग, रेबीज टीकाकरण, स्नेक बाइट वैक्सीन की उपलब्धता, डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता सहित मरीजों के हित में दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. रमाशंकर सिंह, एसीएमओ डॉ. रामरतन, डिप्टी सीएमओ वी.के. सोनी, डॉ. मुबारक अली और डीएमएचसी संगीता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड