शुरू न्यूज़
धार जिले की धरमपुरी विधानसभा अंतर्गत नालछा ब्लॉक के काकड़ाखो गांव में रविवार, 12 जुलाई 2026 को भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के संगठन विस्तार और भीलप्रदेश राज्य की मांग को जन-जन तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया गया। बैठक में पार्टी के प्रदेश सचिव श्री राजेन्द्र गामड़, जिला अध्यक्ष श्री राकेश मुनिया, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष श्री महेश चौहान और जिला उपाध्यक्ष श्री संजय चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों की प्रभावी लड़ाई केवल एक मजबूत संगठन के माध्यम से ही लड़ी जा सकती है। इसी उद्देश्य से पार्टी लगातार गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार कर रही है।
बैठक के दौरान प्रदेश सचिव श्री राजेन्द्र गामड़ की अनुशंसा पर जिला अध्यक्ष श्री राकेश मुनिया और जिला कार्यवाहक अध्यक्ष श्री महेश चौहान द्वारा सर्वसम्मति एवं जाजम व्यवस्था के माध्यम से नालछा ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवनियुक्त कार्यकारिणी में श्री लोकेश गिरवाल को नालछा ब्लॉक अध्यक्ष, श्री गजराज बारिया को कार्यवाहक ब्लॉक अध्यक्ष, श्री अनिल मोहरे को ब्लॉक उपाध्यक्ष, श्री गोविन्द भाभर को द्वितीय उपाध्यक्ष, श्री छगन गिरवाल को महामंत्री तथा श्री रामकरण दांगी को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नियुक्ति के बाद सभी नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए पार्टी नेताओं ने उन्हें संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों की समस्याओं और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष कर रही है। इसके साथ ही भीलप्रदेश राज्य की मांग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। इस बैठक में महेश निनामा, सुनील निनामा, अमीचंद कटारा, पदम गिरवाल, मनोहर मोहरे, घनश्याम बडुक्या, अशोक खड़े, श्याम गावर, गेंदाकाका, गोकुल गिरवाल, करण सिंगारे, भावसिंह वसुनिया, विशाल दांगी, संतोष डावर, राकेश चौहान, श्याम खंडेल, राहुल बारिया, भानु गिरवाल, निलेश मेड़ा, घनश्याम जी और मुकेश वाश्केल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का समापन आदिवासी समाज के हितों की लड़ाई को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड