सपा बूथ सम्मेलन में दिखी एकजुटता, सभी संभावित प्रत्याशियों को मंच पर मिला सम्मान
अलगू प्रसाद चौहान बोले—प्रत्याशी कोई भी हो, 2027 में धनघटा से विधायक सपा का ही होगा
लोहरैया/संतकबीरनगर। धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लोहरैया चौराहे पर रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश दिखाई दिया।
सम्मेलन के दौरान मंच पर लगाए गए बैनर में धनघटा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे सभी संभावित प्रत्याशियों के फोटो एक साथ लगाए गए, जिसने कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। सभी संभावित दावेदारों को एक मंच पर स्थान दिए जाने को पार्टी की एकजुटता और आपसी भाईचारे के संदेश के रूप में देखा गया।
बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र में इससे पूर्व कुछ संभावित प्रत्याशियों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में अन्य दावेदारों की तस्वीरें मंच पर दिखाई नहीं दी थीं। ऐसे में लोहरैया में आयोजित बूथ सम्मेलन में सभी संभावित प्रत्याशियों को एक साथ मंच पर सम्मान दिए जाने की चर्चा कार्यक्रम के दौरान बनी रही।
पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान ने सभी संभावित प्रत्याशियों का सम्मान करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में प्रत्याशी कोई भी हो, सभी का लक्ष्य एक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में धनघटा विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी का विधायक चुना जाना चाहिए। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए काम करना होगा।
उन्होंने सेक्टर अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कहा कि पार्टी नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा धनघटा विधानसभा से जिसे भी प्रत्याशी घोषित किया जाए, सभी संभावित प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर उसे चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटना चाहिए।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संभावित प्रत्याशियों की एक साथ मौजूदगी और उन्हें मंच पर सम्मान दिए जाने से सपा की ओर से एकजुटता का संदेश देने का प्रयास साफ नजर आया।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड