औचक निरीक्षण में बीडीओ ने एमडीएम व शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
नाथनगर।
नाथनगर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को क्षेत्र के तीन परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन (एमडीएम), शुद्ध पेयजल, बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए।
बीडीओ ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। एक केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री अनुपस्थित मिली, जबकि दूसरे केंद्र पर 9 अगस्त को प्राप्त बाल पोषाहार का वितरण अब तक नहीं किए जाने पर संबंधित कार्यकत्री को कड़ी फटकार लगाई।
सबसे पहले बीडीओ प्राथमिक विद्यालय नोक्ता पहुंचे, जहां बच्चों से पढ़ाई, कॉपी-किताब, ड्रेस, एमडीएम एवं शुद्ध पेयजल के संबंध में जानकारी ली। विद्यालय में नामांकित 30 बच्चों के सापेक्ष आंगनबाड़ी केंद्र पर केवल 8 बच्चे उपस्थित मिले। पोषाहार वितरण में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल वितरण सुनिश्चित करने और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मुखलिसपुर का निरीक्षण किया। यहां एमडीएम की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। 48 नामांकित बच्चों में 32 उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान अधिकांश बच्चों के पैरों में जूते-मोजे नहीं पाए गए। बच्चों से पढ़ाई संबंधी प्रश्न पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता भी परखी गई, जो संतोषजनक रही।
विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकत्री अनुपस्थित मिली। केंद्र पर मौजूद कर्मचारी संध्या ने बताया कि कार्यकत्री कम समय के लिए आती हैं। इस पर बीडीओ ने संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
अंत में उच्च प्राथमिक विद्यालय मुखलिसपुर में एमडीएम एवं शुद्ध पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में लगे देसी हैंडपंप को हटाकर इंडिया मार्का हैंडपंप लगाने के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया। साथ ही बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की भी समीक्षा की गई।
बीडीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा, शुद्ध पेयजल और मध्याह्न भोजन की नियमित जांच की जाएगी। किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड