चौथे सावन सोमवार पर बैजूधाम पहुंचे डीएम-एसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
(ब्यूरो संतकबीरनगर)
ग्राम स्वराज्य
संतकबीरनगर, 24 अगस्त 2026। सावन मास के चतुर्थ सोमवार के पावन अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना धनघटा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बैजूधाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं दुग्धाभिषेक किया। दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजन के उपरांत डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, ड्यूटी प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण में दर्शन-पूजन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी बनाए रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि सावन मास को देखते हुए जनपद पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। सभी प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
जनपद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू हैं।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड