दिसंबर 2026 तक शुरू होगा शिवबखरी सीएचसी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दिये निर्देश
(ब्यूरो, संतकबीरनगर) ग्राम स्वराज्य
संतकबीरनगर, 23 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने बुधवार को धनघटा विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पौली स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवबखरी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ दिसंबर 2026 तक अस्पताल का संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी एवं कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को दिए।
निरीक्षण के उपरांत उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ही संकल्प थीम पर जन चौपाल का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, विधायक गणेश चंद्र चौहान, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक नाथ त्रिपाठी, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
जन चौपाल में पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। उपमुख्यमंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा अस्वस्थ पुरुषों एवं महिलाओं को पोषण किट प्रदान की।
“गरीब तक बिना भेदभाव पहुंचे योजनाओं का लाभ”
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों, सड़कों, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है तथा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
शिवबखरी सीएचसी को मिलेगी नई पहचान
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि शिवबखरी सीएचसी का निर्माण कार्य वर्षों पहले शुरू होकर अधूरा रह गया था। वर्तमान सरकार ने इसे प्राथमिकता में लेते हुए निर्माण पूरा कराने का निर्णय लिया है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अनुज मलिक एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय ने किया। भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड