कप्तानगंज पुलिस की रात्रि गश्त पर उठा रहा सवाल, पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर 18 लाख की चोरी*
– मुख्य सड़क पर सत्य पैथोलॉजी का शटर काटकर घुसे चोर, अल्ट्रासाउंड व खून जांच की मशीनें ले गए
– रात करीब एक से तीन बजे के बीच वारदात की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही कप्तानगंज पुलिस
*कप्तानगंज, बस्ती*। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित सत्य पैथोलॉजी सेंटर को निशाना बनाया। चोर शटर का ताला काटकर सेंटर के अंदर दाखिल हुए और अल्ट्रासाउंड मशीन समेत खून की जांच करने वाली महत्वपूर्ण मशीनें लेकर फरार हो गए। संचालक के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 17 से 18 लाख रुपये है।
सत्य पैथोलॉजी सेंटर के संचालक आशुतोष पांडेय के मुताबिक चोरी की घटना रात करीब एक से तीन बजे के बीच होने की आशंका है। सेंटर के पास से गुजर रहे एक मजदूर ने शटर खुला देखकर फोन के माध्यम से उन्हें सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो सेंटर के अंदर से अल्ट्रासाउंड मशीन, खून जांच की मशीन समेत अन्य महत्वपूर्ण सामान गायब मिला।
घटना की सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम और कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
पुलिस चौकी के करीब हुई वारदात से उठे सवाल
चोरी की इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पैथोलॉजी सेंटर को चोरों ने निशाना बनाया, वह मुख्य सड़क पर तथा पुलिस चौकी के बेहद करीब बताया जा रहा है। ऐसे में रात के समय शटर काटकर अंदर प्रवेश करना और भारी-भरकम मशीनों को लेकर फरार हो जाना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
कप्तानगंज थाने की कमान थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव के पास एक साल से अधिक समय से है। ताजा चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और रात्रिकालीन पुलिसिंग को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरी गई लाखों रुपये की मशीनों को बरामद करने के साथ आरोपियों तक पहुंचना है। अब देखना होगा कि पुलिस 17–18 लाख रुपये की बताई जा रही इस चोरी का खुलासा कितनी जल्दी करती है और मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी व सामान की बरामदगी कब तक हो पाती है। साथ ही क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में हुई पुलिस कार्रवाई और उनके परिणामों पर भी स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है। उक्त प्रकरण में सी ओ कलवारी ने बताया कि चोरी की घटना की प्रत्येक बिन्दुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है ।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड