शुरू न्यूज़
संतकबीरनगर के मगहर स्थित संत कबीर अकादमी ऑडिटोरियम में निषाद पार्टी का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूत होने और सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद ई. प्रवीण निषाद और मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी भी मंच पर मौजूद रहे।
अपने संबोधन में संजय निषाद ने कहा कि हमारे वंशज इस देश के राजा थे और उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के खिलाफ अहम भूमिका निभाते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि देश के कुछ लोग अंग्रेजों के साथ खड़े रहे, जिसके परिणाम स्वरूप आजादी के बाद उन्हें समस्त अधिकार प्राप्त हो गए, जबकि विरोध करने के कारण हमारे समाज को गरीबी का दंश झेलना पड़ा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूर्ण संवैधानिक अधिकार प्राप्त करने के लिए समाज को और अधिक संगठित होने की जरूरत है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हर बूथ को मजबूत करने से ही प्रदेश की सत्ता में निषाद पार्टी की मजबूत हिस्सेदारी तय होगी।
सम्मेलन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने समाज के अधिकारों की लड़ाई में शहीद हुए अखिलेश निषाद के बलिदान को याद किया और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के लिए कमर कसने की अपील की। मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश की अन्य राजनीतिक पार्टियों ने हमेशा निषाद समाज का शोषण किया और मतों के बदले उन्हें धोखा दिया। इसके साथ ही महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मालती निषाद ने भी अन्य दलों पर राजनीतिक छल करने का आरोप लगाते हुए संगठित पहचान बनाकर सत्ता हासिल करने की बात कही। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव रविंद्र मणि, प्रदेश प्रभारी बाबूराम सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड