ऑपरेशन क्रैक डाउन: गौकशी के वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में दबोचा
(ब्यूरो संतकबीरनगर)
ग्राम स्वराज्य
धनघटा (संतकबीरनगर)। ऑपरेशन क्रैक डाउन के तहत थाना धनघटा पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गौकशी के मामले में वांछित अभियुक्त महबूब उर्फ ढिमल को रविवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय खलीलाबाद में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। आरोपी थाना धनघटा में दर्ज मुकदमा संख्या 640/2026 में गौवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं में वांछित था।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात बछड़े की चोरी कर उसका वध किए जाने के मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। रविवार को ग्राम खाजो पूरवा, मैली स्थित कुआनो नदी के पास उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित फायरिंग में वह घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, एक मिस कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना धनघटा में एक अन्य मुकदमा संख्या 642/2026 आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है।
पूछताछ में महबूब ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों जहूर और सद्दाम के साथ मिलकर बछड़े की चोरी कर उसका वध किया था। उसने बताया कि मांस जहूर के घर पर रखा गया था, जबकि अवशेषों को नदी में बहा दिया गया था। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार छिपता फिर रहा था।
घायल आरोपी के उपचार की स्थिति जानने के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जिला चिकित्सालय खलीलाबाद पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड