शुरू न्यूज़
संतकबीर नगर में माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, श्री नरेन्द्र कश्यप जी की अध्यक्षता में बस्ती मंडल की विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक निरीक्षण भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर जिलों में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान, वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। बस्ती मंडल के तीनों जनपदों में पूर्वदशम् के 45,026 छात्रों को 2059.1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया, जबकि दशमोत्तर छात्रवृत्ति के तहत 90,733 छात्रों को 5576.73 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के अंतर्गत, वर्तमान वित्तीय वर्ष में मंडल के तीनों जनपदों (बस्ती में 1539, सिद्धार्थनगर में 1631, और संतकबीर नगर में 1200) को कुल लक्ष्य प्रदान किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 3825 आवेदन प्राप्त हुए हैं और 687 आवेदकों को 137.40 लाख रुपये की धनराशि से लाभान्वित किया गया है। ‘ओ’ लेवल तथा सी.सी.सी. कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 10 जुलाई की अंतिम तिथि के साथ प्रचलन में है। मंडल में छात्रावास योजना के तहत बस्ती में 2 और सिद्धार्थनगर में 1 छात्रावास संचालित हैं, जिनमें कुल 71 छात्र/छात्राएँ आवासित हैं।
दिव्यांगजन भरण-पोषण एवं कुष्ठावस्था पेंशन योजना के तहत बस्ती मंडल में 38,645 लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन 100% पूर्ण किया गया, जिसमें से 38,419 पात्र पाए गए। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 571 नवीन दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की गईं। काक्लियर इम्प्लांट शल्य चिकित्सा अनुदान योजना के लिए 8 पात्र दिव्यांगजनों हेतु 48.00 लाख रुपये की धनराशि प्रस्तावित है, वहीं कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना में अब तक 37 शिविर आयोजित कर 598 दिव्यांगजन चिन्हित किए गए हैं। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजना के तहत 45 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरण की कार्यवाही जारी है। बचपन डे केयर सेंटर (बस्ती और सिद्धार्थनगर) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी प्रगति पर है। दिव्यांग शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार हेतु निर्धारित लक्ष्य 37 के सापेक्ष मंडल में 8 लाभार्थियों का चयन हो चुका है, और दुकान निर्माण/संचालन योजना के अंतर्गत 31 के सापेक्ष 28 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
माननीय मंत्री जी ने नवीन प्रस्तावित विद्यालयों की स्थापना हेतु भूमि की उपलब्धता की जानकारी मांगी, जिसके उत्तर में उपनिदेशक महोदया ने बताया कि बचपन डे केयर बस्ती में प्रथम तल के छत का कार्य चल रहा है, समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय संतकबीर नगर में भूमि चयन का प्रयास किया जा रहा है, और बचपन डे केयर सेंटर के संचालन हेतु महगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का चयन कर लिया गया है। इसी प्रकार, सिद्धार्थनगर में समेकित विशेष विद्यालय हेतु भूमि का चयन हो चुका है। अंत में, माननीय मंत्री जी ने सभी अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने और योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने को प्राथमिकता बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग बस्ती मंडल बस्ती श्रीमती मोनिका लाल, उपनिदेशक पिछड़ा कल्याण विभाग डॉ. संजय कुमार मालवीय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी बस्ती श्रीमती रेखा गुप्ता, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी सिद्धार्थनगर राजन सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड