सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद लोकतांत्रिक रुप से छात्र परिषद का चुनाव संपन्न
हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और प्रत्येक छात्र ने अनुशासन एवं सौहार्द का परिचय देकर विद्यालय की गरिमा बढ़ाई है- डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी
अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे पदाधिकारी-सविता चतुर्वेदी
सन्तकबीरनगर। जिला मुख्यालय स्थित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में नए शैक्षणिक सत्र के लिए छात्र परिषद के कप्तान एवं वाइस कैप्टन पदों का चुनाव शनिवार को पूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया, अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।विद्यालय परिसर में सुबह से ही चुनावी माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने मतदान के प्रति गहरी रुचि दिखाई और लोकतंत्र के इस अभ्यास में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 9:00 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान पूरे परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षकों और चुनाव अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी,निदेशिका सविता चतुर्वेदी तथा प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। उन्होंने नामित चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल चुनाव संपन्न कराने के आवश्यक निर्देश दिए।विद्यालय प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक छात्र बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सके। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना का कार्य भी निर्धारित समय पर शुरू किया गया। दोपहर 12:00 बजे जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित हुए, पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट, नारों और विजयी प्रत्याशियों के समर्थन में लगाए गए जयघोष से गूंज उठा। घोषित परिणामों के अनुसार बालक वर्ग से अविनाश चतुर्वेदी ने शानदार जीत दर्ज कर विद्यालय के कप्तान पद पर कब्जा जमाया, जबकि बालिका वर्ग में अनु यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए कप्तान पद हासिल किया। वहीं वाइस कैप्टन पद पर बालक वर्ग से आर्यन कुमार तथा बालिका वर्ग से उन्नति गुप्ता विजयी घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विजयी प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया। नवनिर्वाचित कप्तानों एवं वाइस कप्तानों को फूलमालाएं पहनाई गईं, मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया गया और सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि छात्र परिषद का चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और प्रत्येक छात्र ने अनुशासन एवं सौहार्द का परिचय देकर विद्यालय की गरिमा बढ़ाई है। विद्यालय की निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने विजयी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के लोकतांत्रिक चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करते हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों, शिक्षकों और चुनाव अधिकारियों का सफल एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और छात्रों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी कर यह संदेश दिया कि नेतृत्व का चयन निष्पक्ष मतदान के माध्यम से ही सबसे प्रभावी और प्रेरणादायक होता है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड