मोबाइल की स्क्रीन ने बढ़ाई आंखों की परेशानी, 102 की जांच में 15 में मिला मोतियाबिंद
भुजैनी में रोटरी क्लब के निशुल्क नेत्र शिविर में उमड़ी भीड़, चिकित्सकों ने स्क्रीन टाइम घटाने और नियमित जांच की दी सलाह
संत कबीर नगर।
मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन का बढ़ता इस्तेमाल आंखों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। भुजैनी स्थित चैतन्य ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज फार्मेसी कॉलेज परिसर में सोमवार को आयोजित निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 102 महिला-पुरुषों की जांच की गई। इनमें 15 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण मिले। कई लोगों के चश्मे का नंबर भी बदला गया। चिकित्सकों ने लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने और स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह दी।
रोटरी क्लब संत कबीर नगर और चैतन्य ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज फार्मेसी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में भुजैनी समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नेत्र सर्जन डॉ. वीके राय और उनकी तकनीकी टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। पूर्व चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिन्हा ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
नेत्र सर्जन डॉ. वी. के राय ने बताया कि लंबे समय तक मोबाइल और अन्य डिजिटल स्क्रीन देखने से आंखों में सूखापन, ड्राइनेस और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों को अनावश्यक स्क्रीन इस्तेमाल से बचने और स्क्रीन टाइम सीमित रखने की सलाह दी।
पूर्व चिकित्साधिकारी डॉक्टर आलोक सिन्हा ने कहा कि नियमित रूप से ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और रक्त की जांच कराने तथा किसी भी परेशानी पर चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा।
शिविर का शुभारंभ रोटरी क्लब अध्यक्ष रो. प्रितपाल सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि समय रहते स्वास्थ्य की जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। क्लब के सचिव रो. दिग्विजय नाथ पांडे ने कहा कि आंख शरीर का महत्वपूर्ण अंग है, इसलिए इसकी नियमित जांच और देखभाल बेहद जरूरी है।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष रो. रामकुमार सिंह, रो. डॉ. एके सिन्हा, रो. प्रो. विजय राय, रो. अखिलेंद्र सिंह, रो. अनिल श्रीवास्तव, रो. सुनीता अग्रहरि, रो. विकास गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष रो. महेश कुमार रुंगटा और कार्यक्रम संयोजक रो. संजय प्रकाश गर्ग समेत फार्मेसी कॉलेज की टीम मौजूद रही। शिविर के आयोजन में रोटरी क्लब, चैतन्य ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज और फार्मेसी कॉलेज के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड