मिशन शक्ति के शानदार अनुपालन पर महुली पुलिस को आईजी ने किया पुरस्कृत
थाने की साज-सज्जा और नवनिर्मित मेस भवन की भी सराहना, आईजी ने थानाध्यक्ष को दी शाबाशी
साइबर सेल, मिशन शक्ति, कार्यालय व कंप्यूटर सेल का लिया जायजा
महुली थाने के वार्षिक मुआयने में आईजी को दिया गया गॉड ऑफ ऑनर
संतकबीरनगर। बस्ती रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने मंगलवार को महुली थाने का वार्षिक मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की बेहतर साज-सज्जा, साफ-सफाई और नवनिर्मित मेस भवन को देखकर आईजी ने थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय की पीठ थपथपाई। वहीं मिशन शक्ति के तहत महिला अपराधों की रोकथाम और पारिवारिक विवादों के समाधान में बेहतर कार्य के लिए महुली पुलिस को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
वार्षिक मुआयने के दौरान महुली पुलिस की ओर से आईजी संजीव त्यागी को गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आईजी ने थाना परिसर, मेस, वॉशरूम, कार्यालय, साइबर सेल, मिशन शक्ति कक्ष और कंप्यूटर सेल का बारीकी से निरीक्षण किया। मेस और वॉशरूम की साफ-सफाई तथा परिसर की व्यवस्थित साज-सज्जा पर उन्होंने संतोष जताते हुए थानाध्यक्ष की सराहना की।
260 मामलों में 90 पारिवारिक विवाद
मिशन शक्ति की प्रभारी हेड कांस्टेबल पुष्पा से आईजी ने महिला अपराधों और मिशन शक्ति के क्रियान्वयन की जानकारी ली। प्रभारी ने बताया कि इस वर्ष अब तक महिला अपराध से जुड़े करीब 260 मामले सामने आए, जिनमें 90 मामले पारिवारिक विवाद से संबंधित रहे। अधिकांश मामलों में काउंसिलिंग कराकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाया गया। ऐसे परिवारों पर पुलिस लगातार नजर रखते हुए समय-समय पर उनका हाल भी लेती है।
उन्होंने बताया कि एक परिवार की युवती से कई बार छेड़खानी करने वाले आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कराई गई। इस पर आईजी ने पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना को महुली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध के मामलों में बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस के निर्देश
आईजी ने साइबर सेल का भी निरीक्षण कर क्रेडिट कार्ड से होने वाले आर्थिक अपराधों के निस्तारण की स्थिति जानी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में संबंधित कंपनी के शामिल होने के कारण विवेचना और निस्तारण में दिक्कत आती है। इस पर आईजी ने ऐसे मामलों में बीएनएसएस की धारा 94 के तहत संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी प्रारूपों के रजिस्टर को कंप्यूटराइज्ड करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन अभिलेखों का प्रारूप कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में उपलब्ध नहीं है, उन्हें चिन्हित कर इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
वादी दिवस की व्यवस्था पर भी चर्चा
विवेचना से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि जिले में सप्ताह में एक दिन ‘वादी दिवस’ के रूप में निर्धारित किया गया है। इस दिन सभी विवेचक निर्धारित समय तक बैठकर संबंधित मुकदमों के वादियों को विवेचना की प्रगति और कार्रवाई की जानकारी देंगे। वादी दिवस की निगरानी के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील सिंह, क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्रा, अशोक सिंह, अजय भारती, शोभनाथ मिश्र, संजय सिंह, नागेन्द्र सिंह, जयहिंद भारती, परवेज अहमद, अरविंद यादव, सुनील सिंह, तबरेज अहमद, सौरभ शुक्ला, पूजा चौहान समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड