मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ शासन-प्रशासन को जनता के और करीब लाने का प्रभावी माध्यम – कृषि मंत्री श्री कंषाना
*जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा*
*बानमौर जन संवाद में 152 आवेदन प्राप्त, 76 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण*
मुरैना/प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा है कि ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ शासन-प्रशासन को आमजन से सीधे जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद किया जा रहा है और उनकी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समझकर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
कृषि मंत्री श्री कंषाना शनिवार को तहसील बानमौर के सभागार में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जनता की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने कृषि मंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए, जिन पर उन्होंने संवेदनशीलता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमानुसार समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याएं एवं अपेक्षाएं सीधे शासन-प्रशासन के समक्ष रखने के लिए ऐसा मंच उपलब्ध होना महत्वपूर्ण है। अभियान का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जनपद अध्यक्ष मुरैना श्री मोहर सिंह कंषाना, नगर पालिका बानमौर की अध्यक्ष श्रीमती गीता लक्ष्मण जाटव, एसडीएम मुरैना श्री रामनिवास सिकरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है, वहीं जन-विश्वास अभियान प्रशासन को जनता के बीच पहुंचाकर समस्याओं के निराकरण के लिए सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार का प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा आमजन से जुड़े प्रकरणों का निराकरण अनावश्यक विलंब के बिना किया जाए।
*152 आवेदन प्राप्त, अनेक प्रकरणों का मौके पर निराकरण*
जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 152 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 8 प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण के लिए टीएल मार्क किया गया एवं 76 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर पंचायत बानमौर के वार्ड क्रमांक-05 निवासी रवि पुत्र जगदीश सिंह ने ग्राम जैतपुर रोड पर पत्थर डालकर किए गए अतिक्रमण से आवागमन में हो रही परेशानी की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने प्रकरण को तत्काल संज्ञान में लेते हुए नगर पंचायत के सीएमओ को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम चक में श्मशान घाट नहीं होने की समस्या ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत की गई। ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान घाट के अभाव में अंतिम संस्कार करने में कठिनाई होती है। कलेक्टर ने प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान के लिए जनपद सीईओ मुरैना को निर्देशित किया।
शिविर में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याएं भी ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत की गईं। संबंधित अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध कराते हुए कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया।
वार्ड क्रमांक-09, नया गांव रोड, रिटायर कॉलोनी निवासी सुनील कुमार माहौर ने पाइप लाइन पिछले 10 दिनों से टूटे होने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित अमले द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए पाइप लाइन को दुरुस्त कराया गया।
*आमजन से जुड़े प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता*
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल, आवास, नामांतरण, सीमांकन सहित आमजन से जुड़े सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित करते हुए उसकी जानकारी आवेदक को भी उपलब्ध कराएं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रक्तचाप एवं शुगर की जांच की गई।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुनने, उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के अन्य विकासखंडों के चिन्हित ग्रामों में भी खंड स्तरीय शिविर आयोजित किए गए, जहां जल निकासी, अतिक्रमण, भूमि विवाद, आवास, बीपीएल एवं राशन सहित विभिन्न समस्याओं पर कार्रवाई की गई।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड