शुरू न्यूज़
गोरखपुर के पिपरौली क्षेत्र अंतर्गत जुड़ियान उपकेंद्र के बरहुआ फीडर में स्थित अमटौरा गांव के पश्चिम टोले में झूल रहे बिजली के तारों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग से लटकते तारों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसे ठीक नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद एलटी लाइन का तार नीचे लटक गया था। विभाग ने नया पोल तो लगा दिया, लेकिन झूलते तारों को आज तक व्यवस्थित नहीं कराया। समय के साथ यह तार पेड़ों और लताओं में उलझकर और नीचे आ गया है, जिससे राहगीरों, बच्चों और मवेशियों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। लगभग चार हजार की आबादी वाले अमटौरा गांव में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित है, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से इस गंभीर समस्या पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
रॉकी सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में अंकुर सिंह, सेरीवाली, दादीराम कुमार, पन्ने कुमार, रितु कुमार, पवन कुमार, किशन कुमार, सवरजीत शर्मा, परवीन कुमार और मोनाज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बिजली के तारों को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की और चेतावनी दी कि समाधान न होने पर वे उच्चाधिकारियों के समक्ष आंदोलन तेज करेंगे।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अवर अभियंता (जेई) आर. के. सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौके पर लाइनमैन भेजकर झूलते तारों को शीघ्र ठीक कराया जाएगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड