आकाशीय बिजली ने छीना परिवार का सहारा, किसान संतोष सिंह की मौत से मचा कोहराम
गोरखपुर। पाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पाली निवासी किसान संतोष सिंह (45) की शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संतोष सिंह परिवार के लिए आय का मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक मौत से पत्नी समेत तीन बच्चों के सामने परिवार के भरण-पोषण और पढ़ाई-लिखाई का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार संतोष सिंह अपनी पत्नी शीला सिंह (42) और तीन बच्चों के साथ रहते थे। उनकी सबसे बड़ी बेटी 22 वर्षीय है, जो बीटेक की पढ़ाई कर रही है और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही है। दूसरे नंबर का बेटा अनुज सिंह (16) कक्षा 11 में पढ़ता है, जबकि सबसे छोटी बेटी अपराजिता सिंह कक्षा नौ की छात्रा है। संतोष सिंह अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते थे।
परिजनों के मुताबिक संतोष सिंह की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। वह किसान थे और खेती-बाड़ी से होने वाली आय से परिवार का खर्च चलाते थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने घर के पास छोटी सी जनरल स्टोर जैसी दुकान शुरू की थी, ताकि खेती के साथ अतिरिक्त आमदनी हो सके। इससे पहले वह एक निजी विद्यालय में वैन चलाने का काम भी करते थे। वैन चलाने, खेती-बाड़ी और हाल में शुरू की गई दुकान से होने वाली आय के सहारे ही वह पत्नी और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तथा घर का खर्च चला रहे थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को संतोष सिंह मैनापार सिवान स्थित अपने धान के खेत में पानी चला रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से संतोष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को सूचना दी।
संतोष सिंह की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी शीला सिंह और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस व्यक्ति के सहारे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो रही थीं, उसके अचानक चले जाने से परिजनों के सामने भविष्य को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार संतोष सिंह बेहद मेहनती व्यक्ति थे और खेती के साथ अलग-अलग काम करके परिवार की जिम्मेदारियां निभाते थे। बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी वह गंभीर रहते थे। बड़ी बेटी बीटेक की पढ़ाई कर रही है और अपने भविष्य को संवारने के लिए तैयारी कर रही है, जबकि दोनों छोटे बच्चे भी स्कूल में पढ़ रहे हैं। ऐसे में परिवार के मुखिया की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि संतोष सिंह के परिवार को इस कठिन परिस्थिति में कुछ राहत मिल सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड