उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित कई विभागीय अधिकारी और किसान मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में जिला कृषि अधिकारी द्वारा पिछली शिकायतों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसके बाद किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
बैठक के दौरान विकासखंड सेमारियावा के ग्राम मसौना के राम जनक चौधरी ने मसौना समिति पर खाद की अनुपलब्धता और अनियमित वितरण का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त सहकारिता को खाद वितरण के भौतिक सत्यापन की तुरंत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, फार्मर रजिस्ट्री में आ रही दिक्कतों पर उप निदेशक कृषि ने बताया कि जन सुविधा केंद्र के माध्यम से एलजी कोड और खतौनी नंबर डालकर जमीन जोड़ी जा सकती है, लेकिन नाम में अंतर होने पर इसे लेखपाल और तहसील से ही सही कराना होगा। इसके अलावा, कृषि विज्ञान केंद्र बगही से किसी भी प्रतिनिधि के उपस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय ने राम जानकी मार्ग पर स्थित कठिनईया नदी में जलकुंभी की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता ड्रेनेज खंड सिद्धार्थनगर को सफाई कराने के निर्देश दिए। अमर राय ने राजस्व कर्मियों की लापरवाही से खतौनी में गलत नाम दर्ज होने और खाते छूटने की बात भी कही। कार्यक्रम के अंत में, आगामी 16 से 22 जुलाई 2026 तक मनाए जाने वाले भूजल सप्ताह के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कृषकों को जल बचाने की शपथ दिलाई और जिला कृषि अधिकारी ने लोगों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड