भिटहा में टूटी सड़कें और जाम नालियां बनीं ग्रामीणों की परेशानी, बारिश में सड़क पर बहता है गंदा पानी
गोरखपुर/पाली। पाली क्षेत्र के ग्राम सभा भिटहा में सड़क और नाली की बदहाल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की कई सड़कें लंबे समय से टूटी हुई हैं, जबकि नालियां भी क्षतिग्रस्त होने के साथ जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने से जाम पड़ी हैं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश होते ही गांव की सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। नालियां जाम होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी सड़कों पर बहने लगता है। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पैदल चलने वाले ग्रामीणों के साथ बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है।
दो-दो महीने से सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे
ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि गांव में तैनात सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने नहीं आते। ग्रामीणों के अनुसार कई बार दो-दो महीने तक सफाई कर्मचारी दिखाई नहीं देते, जिससे नालियों में गंदगी और कचरा जमा होता रहता है। समय से सफाई नहीं होने के कारण नालियां पूरी तरह जाम हो जाती हैं और बारिश के दौरान पानी निकासी की समस्या बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और नाली की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।
ग्रामीण प्रदुमन यादव, श्याम मोहन यादव, नंदलाल, अनीश, रामकरण यादव और हरिराम ने संबंधित अधिकारियों से गांव की टूटी सड़कों की मरम्मत कराने, जाम नालियों की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के समय जलभराव और गंदे पानी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड