शुरू न्यूज़
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में ‘मिशन शक्ति अभियान’ के अंतर्गत “बहू–बेटी सम्मेलन” कार्यक्रम के ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण पुलिस विभाग और यूनिसेफ के सहयोग से शुरू हो गया है। गोरखपुर जोन के पुलिस महानिदेशक श्री मुथा अशोक जैन के मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी संत कबीर नगर श्री आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 14 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खलीलाबाद विकास खंड सभागार में आयोजित हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के तीन विकास खण्डों—खलीलाबाद, सेमारियावा और बघौली के कुल 30 नामित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन प्रतिभागियों में पुलिस विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए सभी विभागों में प्रभावी समन्वय और सामुदायिक भागीदारी को आवश्यक बताया।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों की क्षमता का विकास करना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम स्तरीय सुगमकर्ताओं को प्रशिक्षित कर सकें। इसके बाद ये सुगमकर्ता हर ग्राम पंचायत में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के साथ छह सप्ताह में छह विषयगत सत्र आयोजित करेंगे। इन सत्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, लैंगिक समानता, सम्मानजनक संबंधों और हिंसा की रोकथाम पर सामुदायिक चर्चा को बढ़ावा दिया जाएगा। यूनिसेफ के मण्डलीय बाल संरक्षण सलाहकार श्री राजेश कुमार सैनी ने बहू-बेटी सम्मेलन की अवधारणा, इसके उद्देश्यों और इस कैस्केड प्रशिक्षण मॉडल की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और उपलब्ध सहायता सेवाओं पर जागरूक किया गया। इसे पूरी तरह व्यवहारिक बनाने के लिए समूह चर्चा, भूमिका-अभिनय (रोल प्ले) और केस स्टडी जैसी सहभागी विधियों का उपयोग किया गया। प्रशिक्षण में सुश्री स्वीटी मंडल, श्रीमती मोनिका शुक्ला, श्री महेश गुप्ता और श्री दिग्विजय सिंह ने मास्टर प्रशिक्षक के रूप में योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर उनसे फीडबैक लिया गया और उन्होंने इस सम्मेलन के गुणवत्तापूर्ण संचालन का संकल्प लिया।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड