शुरू न्यूज़
गोवर्धन तहसील के जाजम पट्टी क्षेत्र स्थित गोपालपुर गांव में कुलदेवी मां मंशा मैया मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर पूरे क्षेत्र के सर्वसमाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंदिर से चांदी का छत्र, चांदी का मुकुट, एसी, कई इनवर्टर, बड़ा घंटा, वाटर कूलर और 11 हजार से लेकर लाखों रुपये तक का चढ़ावा चोरी होने की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। इस गंभीर घटना को लेकर खुटेलपट्टी में सर्वसमाज की एक महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। महापंचायत की शुरुआत मां मंसा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई।
पूजा के बाद जब मंदिर के पुजारी अमित से घटना को लेकर पूछताछ की गई, तो बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुजारी अमित ने बताया कि अब तक जितने भी पुजारियों की सेवा का नंबर आया है, उन्हीं के द्वारा मंदिर से सामान चोरी कर अपने-अपने घर ले जाया गया है। वहीं पूछताछ के दौरान उमेश पंडा ने भी स्वीकार किया कि एक किलो चांदी का मुकुट किसी अन्य व्यक्ति के पास मौजूद है। इस पर सामाजिक कार्यकर्ता राहुल रारह ने श्रद्धालुओं की आस्था और दान की चोरी पर गहरा दुख जताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने मांग रखी कि मंदिर से पुजारियों की व्यवस्था को तत्काल हटाकर मंदिर कमेटी द्वारा सेवा के लिए नए लोगों को नियुक्त किया जाए और अब तक मंदिर में आए संपूर्ण चढ़ावे का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया जाए।
महापंचायत में मौजूद युवाओं ने रोष जताते हुए कहा कि जो लोग मंदिर के चौकीदार बनकर सेवा कर रहे थे, वे वास्तव में चोर निकले। युवाओं ने साफ घोषणा की कि यह उनकी कुलदेवी का मंदिर है और अब वे स्वयं मंदिर की सेवा संभालेंगे। बुजुर्ग ग्रामीणों ने भी दुख जताते हुए कहा कि मंदिर में जितना चढ़ावा आता रहा है, उससे अब तक एक भव्य भवन का निर्माण हो चुका होता, लेकिन भारी अनियमितताओं के कारण ऐसा नहीं हो सका। महापंचायत के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर की एक विधिवत कमेटी का गठन किया जाएगा, दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आगे से मंदिर की पूजा-व्यवस्था का ठेका उठाया जाएगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड