पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज तिलौरा में लेफ्टिनेंट कर्नल रीतिका दूबे का भव्य सम्मान
सहजनवां/तिलौरा, गोरखपुर। पाली ब्लॉक के पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, तिलौरा के प्रांगण में शुक्रवार को भारतीय सेना की अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रीतिका दूबे के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सेना में अधिकारी के रूप में क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली रीतिका दूबे के सम्मान से विद्यालय परिसर में हर्ष और गर्व का माहौल रहा।
समारोह में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक एवं प्रख्यात समाजसेवी अनिल कुमार धर दुबे ने लेफ्टिनेंट कर्नल रीतिका दूबे को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ शिक्षक अनिल कुमार धर दुबे ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है कि तिलौरा की होनहार बेटी ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल जैसे गरिमामय पद तक पहुंचकर गांव, क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि रीतिका दूबे की उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्राओं से रीतिका के संघर्ष और उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल रीतिका दूबे ने विद्यालय के गुरुजनों का आशीर्वाद लिया और अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसके लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने लेफ्टिनेंट कर्नल रीतिका दूबे से सेना में चयन की प्रक्रिया, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और अनुशासन से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। रीतिका दूबे ने छात्राओं के सवालों का सहजता से जवाब देते हुए उन्हें तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
रीतिका दूबे के सेना में अधिकारी बनने की उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में मौजूद छात्र-छात्राओं ने भी उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने समारोह में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल रीतिका दूबे को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्रसेवा में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड