शुरू न्यूज़
बस्ती के हरैया थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि हरैया पुलिस को मुखबिर से बभनान रोड पर संदिग्धों द्वारा चोरी की योजना बनाने की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन आरोपितों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने लगे। भागने की कोशिश में उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और इसी दौरान आरोपित सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुजीत के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया और बाकी अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से करीब 7.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण (करीब 33 ग्राम सोना और 1.2 किलोग्राम चांदी), दो मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 32,200 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बस्ती जिले के हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों सहित अन्य जिलों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह के सदस्य मूल रूप से सीतापुर के रहने वाले हैं, जो मजदूरी के बहाने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर रेकी करते थे और रात में एक ही इलाके के कई घरों को निशाना बनाने के बाद दूसरे जिले में भाग जाते थे। वे चोरी का सामान कम कीमत पर बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान सीतापुर जिले के रहने वाले जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर और सुजीत पासी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने इस सफल कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए टीम के लिए 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड