हैंसर बाजार की समस्याओं को लेकर नील मणि ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
अधूरी सड़क-नाली निर्माण से जलभराव और विस्थापित बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं उठाईं, शिवबखरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी शुरू कराने की मांग
संत कबीर नगर।
हैंसर बाजार क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर पंचायत हेसर बाजार धनघटा के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं 314 विधानसभा धनघटा के पूर्व प्रत्याशी नील मणि ने जिलाधिकारी संत कबीर नगर को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में अधूरे पड़े सड़क एवं नाली निर्माण, बाढ़ से विस्थापित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जनहित में संचालित कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
नील मणि ने अपने ज्ञापन में बताया कि हेसर बाजार में रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण का कार्य अभी भी अधूरा पड़ा है। सड़क के दोनों तरफ पक्की नालियों का निर्माण भी पूरा नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि अधूरे सड़क एवं नाला निर्माण के कारण क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। बारिश के दौरान मुख्य मार्ग के साथ-साथ लोगों के घरों एवं प्रतिष्ठानों केs आसपास पानी जमा हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर अधूरी सड़क एवं दोनों तरफ छूटी हुई नालियों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी शुरू कराने की मांग
एक अन्य ज्ञापन में नील मणि ने विधानसभा धनघटा के विकासखंड पौली के शिवबखरी में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जनहित में संचालित कराने की मांग की। ज्ञापन के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक वहां आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं और चिकित्सकों की नियुक्ति भी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी व्यवस्था प्रारंभ होने से स्थानीय जनता को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी से स्वास्थ्य केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हुए ओपीडी शुरू कराने के लिए यथाशीघ्र दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
बाढ़ विस्थापित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने की भी मांग
नील मणि ने तीसरे ज्ञापन में वर्ष 2021-22 में सरयू नदी के कटान से विस्थापित परिवारों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने बताया कि विकासखंड हैंसर बाजार के ग्राम गंगाघाट, डिघवा, तप्पा सेमरी तथा पोस्ट तिधरा सहित सरयू नदी के किनारे रहने वाले कई परिवार बाढ़ एवं नदी कटान के कारण विस्थापित होकर हेसर बाजार विकासखंड क्षेत्र में बसाए गए थे।
ज्ञापन में कहा गया है कि विस्थापित परिवारों को अभी तक बिजली, पेयजल, रास्ता, आवास, शौचालय, पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य मूलभूत सरकारी सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते प्रभावित परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नील मणि ने जिलाधिकारी से मांग की कि विस्थापित परिवारों का स्थलीय सत्यापन कराकर उन्हें शासन की योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
नील मणि ने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान होने से हैंसर बाजार क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से जनहित में सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड