शुरू न्यूज़
संत कबीर नगर जिले में ‘कारगिल विजय दिवस’ के ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर अमर बलिदानियों की स्मृति में एक भव्य एवं भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 1999 के ‘ऑपरेशन विजय’ में कारगिल की बर्फीली चोटियों पर तिरंगा फहराने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए आयोजित हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम का संयोजन और संचालन जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के बाद उपस्थित सभी अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के 527 अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वीर चक्र विजेता सिपाही सत्यवान सिंह के विजय बहादुर सिंह, सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित सेवारत हवलदार योगेन्द्र कुमार, अमर शहीदों की वीर नारियां, द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाएं और लगभग 50 पूर्व सैनिक तथा उनके आश्रित उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने सेवारत पदक विजेता हवलदार योगेन्द्र कुमार को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाओं, वीर नारियों और जिले के वरिष्ठतम पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि युद्ध केवल सीमा पर सैनिक नहीं लड़ते, बल्कि पूरा देश एक साथ लड़ता है। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र अमर शहीदों का ऋण कभी नहीं चुका सकता और वीर नारियों तथा शहीदों के परिवारों का त्याग राष्ट्रीय धरोहर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार या किसी भी प्रशासनिक कार्य में जिला प्रशासन पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की सहायता के लिए हमेशा तैयार है। समारोह का समापन ‘जय हिंद, जय भारत’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड