शुरू न्यूज़
संतकबीरनगर में आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देश पर महुली थाना परिसर में डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की, जिसमें क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों को शासन और प्रशासन द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। उन्हें रेड कार्ड नोटिस भी वितरित किए गए, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि डीजे की ऊँचाई, चौड़ाई और ध्वनि स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। किसी भी प्रकार के अश्लील, भड़काऊ या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत, नारे अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, डीजे वाहनों पर ओवरलोडिंग, खतरनाक स्टंट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करने की सख्त हिदायत दी गई। डीजे संचालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा विद्युत तारों, भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया है।
महुली पुलिस ने जोर देकर कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है, और यात्रा के दौरान शांति तथा कानून-व्यवस्था भंग करने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में, सभी डीजे संचालकों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड