शुरू न्यूज़
गोरखपुर के कैंम्पियरगंज नगर पंचायत के चौमुखा स्थित वीर बहादुर नगर मुख्य बाजार मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। नगर पंचायत द्वारा पूर्व में जारी नोटिस की समय सीमा समाप्त होने के बाद, अंतिम चेतावनी के तहत अनाउंसमेंट कराया गया, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। कई लोगों ने स्वयं अपने मकानों और दुकानों के आगे बने अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया है।
नगर पंचायत और राजस्व विभाग ने मिलकर मुख्य बाजार मार्ग का सीमांकन करते हुए आठ मीटर चौड़ी सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लंबे समय से संकरी सड़क के कारण लोगों को अक्सर जाम और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके चलते क्षेत्रीय नागरिक लगातार सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। इस संबंध में पूर्व मंत्री और कैंम्पियरगंज विधायक फतेहबहादुर सिंह भी बाजार मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सक्रिय रहे हैं।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ दोनों ओर पक्की नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पूरे बाजार क्षेत्र में आधुनिक बिजली व्यवस्था विकसित कर उसका सौंदर्यीकरण और मॉडलिंग की जाएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर यातायात और बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) आशीष कुमार ने नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा सकें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण न हटाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण और आधुनिक बिजली व्यवस्था से चौमुखा बाजार का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड