शुरू न्यूज़
संतकबीरनगर जिले के बेलहरकला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर आत्मरक्षा एवं आवश्यक बल प्रयोग के तहत की गई पुलिस फायरिंग में उनके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहदावल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्रैक डाउन” अभियान के तहत, थानाध्यक्ष बेलहरकला हरिकेश भारती एवं एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में एक संयुक्त पुलिस टीम ने बुधवार को बालूशासन पुल के पास से वांछित अभियुक्त मुहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू पुत्र समसुल हक और मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले (निवासी टोला पनभरा, नगर पंचायत बेलहरकला) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद, जब आरोपियों को मृतका के मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की बरामदगी के लिए ग्राम कुशहरा दरही रोड स्थित जंगल बेलहर क्षेत्र में ले जाया गया, तो दोनों ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें कई बार रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उनके न रुकने पर आवश्यक बल प्रयोग किया गया, जिसमें उनके पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 28 जून 2026 को मृतका की माँ ने थाना बेलहरकला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री लगभग 15 दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाई गई थी। तीन दिन पूर्व वह घर वापस आई थी, लेकिन 28 जून की रात वह फिर घर से लापता हो गई थी। अगली सुबह उसका शव कब्रिस्तान के पास एक सागौन के पेड़ की टहनी से दुपट्टे के सहारे संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस जांच में हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका सामने आई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि विवेचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म, पॉक्सो अधिनियम तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।
घटना के सफल अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने ₹25 हजार के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड