शुरू न्यूज़
बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिर्री माईनस चौक के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार देवेंद्र शर्मा उर्फ दादा महाराज (निवासी ग्राम रहंगी) की मौत हो गई। वह रविवार रात करीब 9:00 बजे हिर्री माईनस बाजार से सब्जी लेकर अपनी स्कूटी से लौट रहे थे। सड़क पार करते समय बिलासपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार हवा में उछलकर दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर, चेहरे, नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर ही खून से लथपथ होकर तड़पने लगे।
हादसे के बाद मौके पर उपस्थित लोगों ने उन्हें उठाकर पेड़ के नीचे बैठाया और डायल 112 को सूचना दी। लेकिन लगभग 25 मिनट से आधे घंटे तक न तो डायल 112 और न ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। इस लाचार व्यवस्था के बीच तड़प रहे घायल को बचाने के लिए अंततः उनके एक परिचित परिजन ने मौके पर पहुंचकर एक निजी कार को पैसे देने की बात कहकर रुकवाया। इसके बाद घायल को बिलासपुर के श्री राम केयर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घायल के अस्पताल रवाना होने के बाद मौके पर एक नहीं, बल्कि तीन-तीन डायल 112 गाड़ियां पहुंचीं, जिसे देखकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया कि समय रहते एक भी गाड़ी नहीं आई और अस्पताल भेजने के बाद तीन गाड़ियां पहुंच गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाली कार को बिल्हा के एक राइस मिल संचालक अग्रवाल सेठ का 23 वर्षीय नवसीखिया बेटा चला रहा था और कार में उसके साथ एक लड़की भी बैठी हुई थी। कार के अंदर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बज रहा था और आशंका है कि वह पिज्जा खाते हुए गाड़ी चला रहा था, क्योंकि कार के भीतर पिज्जा बिखरा हुआ मिला। दुर्घटना के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए और कार दुकान के शेड के पाइप को तोड़ती हुई आगे एक झोपड़ीनुमा दुकान पर जाकर रुकी। घटना के बाद जब दोनों कार से उतरकर भागने लगे, तो कुछ लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट करने का प्रयास किया। हालांकि, आसपास के दुकानदारों ने उन्हें बचा लिया, जिसके बाद वहां दो पक्षों के बीच आपस में ही मारपीट शुरू हो गई और इसका फायदा उठाकर कार चालक तथा लड़की फरार हो गए।
इस हादसे और सिस्टम की लाचारी को देखकर लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों की मांग है कि चूंकि बगल में ही हाई कोर्ट जज का बंगला है, जहां हमेशा पुलिस खड़ी रहती है, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए हर रविवार को लगने वाले इस बाजार में ट्रैफिक सिग्नल या फिर ट्रैफिक पुलिस के जवान की ड्यूटी लगाई जाए। इसके साथ ही, दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने छत्तीसगढ़ शासन से पूर्ण शराबबंदी की भी मांग की है। फिलहाल, चकरभाठा पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और परिजनों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड