मुरैना में मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बंदूकों से निशाने! प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम फायरिंग, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
मुरैना। भुजरिया विसर्जन के अवसर पर मुरैना जिले के अलग-अलग इलाकों में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में तालाब और जलाशयों के किनारे बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच कुछ लोग बंदूकों से मटकी पर निशाना लगाते और फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भुजरिया विसर्जन के लिए शहर के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग तालाबों और नदियों के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान कई स्थानों पर पारंपरिक रूप से मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लेकिन कुछ स्थानों पर प्रतियोगिता के दौरान बंदूकों का इस्तेमाल कर मटकी पर निशाना लगाए जाने के वीडियो सामने आए हैं।
प्रतिबंध के बावजूद चलीं बंदूकें
मुरैना जिले में जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन द्वारा हर्ष फायरिंग तथा शादी-विवाह सहित अन्य सार्वजनिक आयोजनों में गोली चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद वायरल वीडियो में लोगों द्वारा बंदूकों से निशाना लगाते हुए दिखाई देना गंभीर मामला माना जा रहा है।
वीडियो में तालाब के किनारे काफी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं। इसी भीड़ के बीच कुछ लोग बंदूक लेकर मटकी की ओर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। ऐसे में यदि फायरिंग के दौरान गोली का निशाना चूक जाता तो आसपास मौजूद लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान बंदूक से निशाना लगाए जाने के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। बताया जा रहा है कि मुरैना पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि वायरल वीडियो जिले के किस स्थान का है और इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं। वीडियो की पुष्टि और जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड