गीडा से संतकबीरनगर का सफर: 2017 बैच की आईएएस अनुज मलिक ने संभाली जिले की कमान, विकास और पारदर्शी व्यवस्था प्राथमिकता
* गोरखपुर मंडल में अनोखा
प्रशासनिक संयोग: संतकबीरनगर में पत्नी अनुज मलिक तो पड़ोसी जिले महराजगंज में पति गौरव सिंह सोगरवाल बने डीएम
एक्शन मोड में नई डीएम: औद्योगिक विकास का अनुभव अब संतकबीरनगर में दिखाएगा रंग, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण लक्ष्य
संतकबीरनगर ।। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद संतकबीरनगर जिले को नई प्रशासनिक प्रमुख मिल गई हैं। 2017 बैच की तेजतर्रार आईएएस अधिकारी श्रीमती अनुज मलिक को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के पद से स्थानांतरित कर संतकबीरनगर का नया जिलाधिकारी (DM) नियुक्त किया गया है। वहीं, संतकबीरनगर के तत्कालीन जिलाधिकारी आलोक कुमार का तबादला पीलीभीत जिले के प्रशासनिक मुखिया के रूप में कर दिया गया है।
बिना कोचिंग पहले ही प्रयास में हासिल की थी 16वीं रैंक
मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली अनुज मलिक का प्रशासनिक सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बी.टेक की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने बिना किसी कोचिंग के, केवल सेल्फ-स्टडी के दम पर अपने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में ऑल इंडिया 16वीं रैंक हासिल कर उत्तर प्रदेश कैडर में अपनी जगह बनाई थी।मैदानी क्षेत्र में अपनी विशिष्ट कार्यशैली के लिए जानी जाने वाली अनुज मलिक इससे पहले कुशीनगर जिले में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में सीईओ जैसी महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं।
पड़ोसी जिलों में ‘आईएएस दंपती’ की कमान, प्रशासनिक गलियारों में चर्चा ,अनुज मलिक की संतकबीरनगर में तैनाती के साथ ही पूर्वांचल के प्रशासनिक गलियारों में एक दिलचस्प संयोग चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके पति गौरव सिंह सोगरवाल (2017 बैच के आईएएस) वर्तमान में संतकबीरनगर के ठीक पड़ोसी जिले महराजगंज के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं।गोरखपुर मंडल के दो सटे हुए जिलों में पति-पत्नी का बतौर जिलाधिकारी तैनात होना प्रदेश की नौकरशाही में एक बेहद खास और दुर्लभ संयोग माना जा रहा है।
औद्योगिक अनुभव से बदलेगी जिले की तस्वीर?
गीडा में सीईओ के पद पर रहते हुए अनुज मलिक ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, भूमि आवंटन की प्रक्रियाओं को सुगम बनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।अब संतकबीरनगर की कमान संभालने के बाद उनके सामने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं में तेजी लाने, राजस्व वादों के पारदर्शी व त्वरित निस्तारण, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की मुख्य चुनौतियाँ होंगी।जिले के नागरिकों और व्यापारिक संगठनों को उम्मीद है कि नई जिलाधिकारी के व्यापक प्रशासनिक व औद्योगिक अनुभव का सीधा लाभ संतकबीरनगर के समग्र विकास को मिलेगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड