शुरू न्यूज़
गोरखपुर से बड़ी खबर
10 वर्षीय मासूम का अपहरण कर निर्मम हत्या, पड़ोसी कारोबारी के घर के बेसमेंट से मिला शव
आक्रोशित लोगों ने खजनी–सिकरीगंज मार्ग को घंटों किया जाम, कार्रवाई की मांग
गोरखपुर। जिले के खजनी कस्बे में 10 वर्षीय मासूम वैभव वर्मा की अपहरण के बाद हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। ज्वेलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा के पोते वैभव का शव पड़ोसी कारोबारी के घर के बेसमेंट से बरामद होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के बाद वैभव साइकिल लेकर खेलने निकला था। कुछ देर बाद उसकी साइकिल और एक चप्पल घर के पीछे मिली, जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की जांच के दौरान शक पड़ोसी कपड़ा कारोबारी सर्वेश भट्ट पर गया। पूछताछ में आरोपी के बयान बदलते रहे। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी ने कथित रूप से अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से मासूम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
इस घटना के बाद खजनी में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने खजनी–सिकरीगंज मार्ग को घंटों तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा देने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल कराया गया।
बताया जा रहा है कि वैभव की मां का डेढ़ महीने पहले ही बीमारी से निधन हो गया था। अब मासूम की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे खजनी क्षेत्र को गम, आक्रोश और भय के माहौल में डाल दिया है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड