शुरू न्यूज़
सांसद कार्यालय के सामने कांग्रेस का चक्काजाम, बुधवार से सड़क निर्माण के आश्वासन पर माने कांग्रेसी
सांसद कार्यालय के सामने कांग्रेस का चक्काजाम, बुधवार से सड़क निर्माण के आश्वासन पर माने कांग्रेसी
सिवनी मालवा की उपनगरी बानापुरा में सांसद कार्यालय के सामने नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुदी पड़ी सड़क और पिछले दो सप्ताह से बंद पड़े निर्माण कार्य के विरोध में गुरुवार को नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम करीब डेढ़ घंटे तक चला। हालांकि पुलिस ने समय रहते यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया, लेकिन इसके बावजूद आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, स्थानीय सांसद एवं विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क निर्माण कार्य पिछले लगभग दो सप्ताह से पूरी तरह बंद पड़ा है। खुदी हुई सड़क और गहरे गड्ढों के कारण आम नागरिकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है तथा लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार नितिन झोड़ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक सड़क निर्माण करने वाला ठेकेदार मौके पर आकर कार्य शुरू करने की स्पष्ट समय-सीमा नहीं देगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद तहसीलदार ने मौके से ही एमपीआरडीसी के अधिकारियों एवं सड़क निर्माण कंपनी के ठेकेदार शैलेन्द्र सिंह को बुलाया।
मौके पर पूर्व सेवादल अध्यक्ष जितेन्द्र सोलंकी एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा ने ठेकेदार से चर्चा करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से बंद होने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह बने गड्ढों से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
इस पर ठेकेदार शैलेन्द्र सिंह ने आश्वासन दिया कि अगले बुधवार तक सड़क निर्माण कार्य दोबारा प्रारंभ कर दिया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्य शुरू होने तक सड़क पर मौजूद गड्ढों के पास संकेतक, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। ठेकेदार और एमपीआरडीसी अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया। प्रशासन ने भी निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड