शुरू न्यूज़
पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के सलालपुर गांव के पास फोरलेन किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके मामले ने तूल पकड़ लिया है। घायल युवक मुबारकपुर गांव निवासी 30 वर्षीय विश्वनाथ कुमार है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मद्यनिषेध (उत्पाद) टीम ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की है, जबकि पुलिस का दावा है कि युवक टीम को देखकर बाइक से भागने के दौरान गिरकर घायल हुआ।
घायल विश्वनाथ कुमार को गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घायल की मां शांति देवी के अनुसार, उनका बेटा बाजार से दुकान का सामान लाने गया था तभी मद्यनिषेध टीम ने उसे रोककर पीटा। सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचीं शांति देवी ने बेटे की हालत देखकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासी शिबू कुमार ने भी इस आरोप का समर्थन करते हुए बताया कि टीम ने पहले युवक को जाने दिया, लेकिन फिर लौटकर उसे पकड़ा और मारपीट की। उनके मुताबिक, घटनास्थल से गुजर रहे स्कूली बच्चों ने भी यह घटना देखी और गांव में इसकी सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
दूसरी ओर, बाढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि सलालपुर फोरलेन के पास मद्यनिषेध टीम को देखकर युवक बाइक से भागने लगा और इसी दौरान चलती बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी के अनुसार, युवक के पास शराब थी और उसने स्वीकार किया था कि शराब न पीने पर उसे परेशानी होती है। बेहोश होने के बाद मद्यनिषेध टीम ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया था।
फिलहाल, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड