रफीगंज के मई खुर्द गांव में तीज पर नदी में स्नान करने गई महिला की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
रफीगंज (औरंगाबाद)। तीज पर्व के अवसर पर नदी में स्नान करने गई एक महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना सोमवार की संध्या रफीगंज प्रखंड के मई खुर्द गांव के समीप धावा नदी में हुई। मृतका की पहचान मई खुर्द गांव निवासी लालमोहन यादव की 30 वर्षीय पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी मातम का माहौल है।
घटना के संबंध में परिजन राजकुमार यादव ने बताया कि सोमवार की शाम प्रतिमा कुमारी गांव की अन्य महिलाओं के साथ तीज पर्व को लेकर धावा नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान नदी में स्नान करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरीं। साथ में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद प्रतिमा कुमारी को नदी से बाहर निकाला गया।
परिजन उन्हें जीवित समझकर तत्काल रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. लालजी यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
बताया जाता है कि मृतका के पति लालमोहन यादव दूसरे राज्य में रहकर ड्राइवर का काम करते हैं। प्रतिमा कुमारी अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार परिवार की जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा प्रतिमा के ऊपर ही था।
घटना की सूचना मिलने पर रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
वहीं, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। घटना के बाद मई खुर्द गांव में शोक का माहौल है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड