शुरू न्यूज़
मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र स्थित लक्ष्मी नगर बिजलीघर पर बिजली आपूर्ति की शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक के साथ कथित तौर पर विद्युत कर्मचारियों द्वारा हाथापाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता छोटू कई दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशान थे। समस्या के समाधान के लिए जब वे लक्ष्मी नगर बिजलीघर पहुंचे और कर्मचारियों से शिकायत दर्ज कराने की बात कही, तो आरोप है कि वहां मौजूद करीब आधा दर्जन कर्मचारियों ने शिकायत सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई कर दी। पीड़ित छोटू का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करने का प्रयास किया, तो कर्मचारियों ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए दिख रहे हैं और यह कहते हुए भी सुना जा रहा है कि शिकायत लेकर पानीगांव बिजलीघर जाओ, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित क्षेत्र की बिजली लाइन लक्ष्मी नगर बिजलीघर से ही संचालित होती है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बिजली की समस्या का समाधान कराने के बजाय शिकायतकर्ताओं के साथ ऐसा व्यवहार किया जाएगा, तो आम जनता की परेशानियां और बढ़ेंगी। पीड़ित छोटू ने सवाल उठाते हुए कहा है कि कई दिनों से बिजली की समस्या झेलने के बाद वे उम्मीद लेकर बिजलीघर पहुंचे थे, लेकिन वहां उनके साथ मारपीट की गई, और उन्होंने पूछा, “योगी शासन में क्या यही रामराज है?” फिलहाल, इस मामले को लेकर विद्युत विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर लोग दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, और यदि शिकायत की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड