बेलबाग चौक पर मोमोज ठेले के पास जोरदार धमाका, मची अफरातफरी — चाइनीज पटाखे की आशंका, CCTV में संदिग्ध युवकों की तलाश
बेतिया शहर के बेलबाग चौक पर 15 अगस्त की रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक मिष्ठान प्रतिष्ठान के समीप फुटपाथ पर लगे मोमोज के ठेले के पास अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ बेलबाग चौक पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमाके से पहले और बाद में घटनास्थल के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से मिले अवशेषों की जांच करते हुए जरूरी नमूने एकत्र किए। धमाके के कारण मोमोज के ठेले के पास रखा डस्टबिन भी चकनाचूर हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मिष्ठान प्रतिष्ठान के संचालक ने पुलिस को बताया कि वह रात में दुकान के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर आसपास धुआं फैला हुआ था और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ते नजर आए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों के स्कूटी से घटनास्थल के पास पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवकों ने सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी की थी। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए इन युवकों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी बड़े विस्फोटक की बजाय तेज आवाज वाले चाइनीज पटाखे के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
बेतिया सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके से मिले अवशेषों की जांच की है और प्रथम दृष्टया अवशेष चाइनीज पटाखे के प्रतीत हो रहे हैं। आशंका है कि पटाखे के कारण ही इतनी तेज आवाज हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है।
घटना के बाद बेलबाग चौक और आसपास के इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल धमाके की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड