बेतिया में ई-रिक्शा ऑटो चालकों ने भरी हुंकार, नगर निगम से आर-पार की लड़ाई का किया ऐलान
बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ, बेतिया इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पश्चिम चम्पारण जिला ग्रामीण क्षेत्रीय टांगा चालक संघ के राजकचहरी स्थित विश्रामालय में अध्यक्ष समी आलम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत करीब बीस दिन पूर्व सनसरैया के एक ई-रिक्शा चालक के असामयिक निधन पर एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा चालकों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से यूनियन का बैंक खाता केनरा बैंक में खोलने का निर्णय लिया गया। साथ ही 3 अगस्त 2026 से नए सदस्यों की सदस्यता और पुराने सदस्यों के नवीकरण का कार्य राजकचहरी स्थित टांगा यूनियन कार्यालय से शुरू करने का फैसला लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल बेतिया नगर निगम के मेयर एवं नगर आयुक्त से मुलाकात कर ई-रिक्शा चालकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखेगा। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सोआबाबू चौक पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन के विस्तार के लिए 100 नए सदस्य बनाए जाने के बाद एक बड़े सम्मेलन के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।
वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह तय किया गया कि यूनियन के बैंक खाते का संचालन अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष में से किसी भी दो पदाधिकारियों के संयुक्त हस्ताक्षर से किया जाएगा। वहीं किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन और सीटू के राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन के आह्वान पर ई-रिक्शा चालक संघ की ओर से 20 से 25 साथियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में सीटू के जिला सचिव शंकर कुमार राव, बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष समी आलम, इन्द्रजीत साह, भूषण पटेल, बुनीलाल महतो, नेशार अली, चंदन कुमार, मनिन्दर कुमार, शेखु आज़म, मेराज अहमद, नंदलाल कुमार, अजय कुमार पटेल तथा रिक्शा यूनियन के नेता राधेश्याम साह सहित बड़ी संख्या में चालक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड