दमोह में शराब पीने के बाद युवक की हालत बिगड़ी, मुंह से निकला झाग; सागर रेफर, शराब दुकान से सैंपल लिए
दमोह। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों के बीच दमोह जिले में शराब पीने के बाद एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। तेजगढ़ थाना क्षेत्र की इमलिया चौकी अंतर्गत गणेशपुरा-हरदुआ निवासी भगवान सिंह गौड़ को सोमवार रात गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल लाया गया। वह बेहोशी की हालत में था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
शुरुआत में जानकारी सामने आई कि भगवान सिंह सागर जिले के रहली क्षेत्र के बलेह से शराब पीकर लौटा था। इसके बाद उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गया। हालांकि, बाद में परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसने हरदुआ स्थित शराब दुकान से भी शराब खरीदी थी। विरोधाभासी जानकारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए इमलिया स्थित शराब दुकान से शराब के सैंपल लिए हैं।
जिला अस्पताल में डॉक्टर जावेद खान ने युवक का उपचार किया। देर रात करीब दो बजे के बाद पोर्टेबल वेंटिलेटर की मदद से उसे सागर भेजा गया। स्थानीय स्तर पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर जबेरा से एंबुलेंस बुलानी पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी आनंद कलादगी, एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने युवक के साथ रहने वाले लोगों से पूछताछ की। कल्याण और चंदू सिंह समेत अन्य लोगों से भी जानकारी ली गई।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि युवक ने बलेह में शराब पी थी या हरदुआ की दुकान से खरीदी शराब का सेवन किया था। शराब के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावट या जहरीले पदार्थ की मौजूदगी स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल जहरीली शराब की पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड