इरबा पहुंचते ही वायरल जंबो ट्रेलर का दिखा जबरदस्त क्रेज! हाईवे पर थमी रफ्तार, देखने के लिए सड़क से छतों तक उमड़ा जनसैलाब
ओरमांझी: झारखंड की सड़कों पर पिछले एक-दो महीनों से सुर्खियों में बना हुआ विशालकाय जंबो ट्रेलर मंगलवार की शाम जैसे ही रांची-रामगढ़ हाईवे होते हुए इरबा पहुंचा, उसे देखने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। बारिश के बीच भी बच्चे, महिलाएं, पुरुष और कॉलेज के छात्र समेत बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जमा हो गए। वायरल ट्रेलर के इरबा पहुंचते ही हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ नजर आने लगी। हर किसी की नजर विशालकाय ट्रेलर पर थी और मोबाइल कैमरे इस अनोखे नजारे को कैद करने में जुटे थे। कई महिलाएं और लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर ट्रेलर को देखने लगे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर सक्रिय रहा। पुलिसकर्मियों ने लोगों को सड़क से किनारे कराया और रास्ता क्लियर कराकर ट्रेलर को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया। इरबा रंगरोली पुल से इरबा सपही पुल तक पहुंचने में ट्रेलर को करीब 40 मिनट का समय लगा। इस विशालकाय वाहन को देखने पहुंचे लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना था कि कई दिनों से इस वायरल गाड़ी के बारे में सुन रहे थे, लेकिन आज पहली बार इसे सामने से देखने का मौका मिला। विशाल आकार और 250 पहियों वाले इस ट्रेलर को देखकर लोग हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि इस जंबो ट्रेलर पर चीनी मिल की भारी-भरकम मशीनरी लदी हुई है, जिसे झारखंड के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। ट्रेलर के साथ करीब 40 स्टाफ भी चल रहे हैं। इसके अलावा एक अतिरिक्त इंजन भी साथ रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके। जानकारी के अनुसार, मशीनरी को बेल्जियम से समुद्री रास्ते के जरिए ओडिशा के पारादीप बंदरगाह तक पहुंचाया गया था। वहां से इसे विशालकाय ट्रेलर के जरिए झारखंड होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। भारी मशीनरी और विशाल आकार के कारण इस सफर को पूरा करने में करीब चार से पांच महीने लगने की बात कही जा रही है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड