शुरू न्यूज़
कन्नौज के मेहंदी घाट पुल पर रविवार तड़के हरदोई की ओर से आ रहा मैदा से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में जा गिरा। सुबह करीब चार बजे हुए इस बड़े हादसे के समय ट्रक में चालक, कंडक्टर और एक सवारी मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी महेश कुमार शर्मा पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद हरदोई के गुरौली (थाना बिलग्राम) निवासी 38 वर्षीय चालक श्रवण कुमार दुबे और औरैया के सहार (थाना बेला) निवासी 44 वर्षीय सवारी संगीत कुमार को गंभीर हालत में नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। हालांकि, गुरौली निवासी 26 वर्षीय कंडक्टर विनीत कुमार दुबे ट्रक के केबिन में ही फंसा रह गया। गंगा का जलस्तर सुबह से करीब तीन फीट बढ़ जाने के कारण राहत कार्य में भारी दिक्कतें आईं और देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रशासन द्वारा विनीत को बाहर निकालने में असफल रहने से आक्रोशित परिजनों ने मेहंदी घाट पुल पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक रहे इस जाम के कारण पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इसके बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी, कोतवाल और चौकी प्रभारी ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस के अनुसार, गंगा के बढ़ते जलस्तर की चुनौती के बीच गोताखोरों और अन्य संसाधनों की मदद से कंडक्टर की तलाश लगातार जारी है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड