शुरू न्यूज़
कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धारानगर में दर्ज एक चर्चित मुकदमे को लेकर मंगलवार को सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई। भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष बीर सिंह भदौरिया और पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में गांव की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि गांव की एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए चार युवकों के विरुद्ध तिर्वा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है, जबकि नामजद युवकों को झूठा फंसाया गया है। उनका कहना है कि मुकदमे में नामजद तीन युवक नाबालिग और छात्र हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने पुलिस को एक युवक की कथित एआई से तैयार की गई फोटो दिखाकर, उस युवक पर तमंचा दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने 25 जून को वीनू पुत्र दर्शन राजपूत को ठठिया रोड से गिरफ्तार किया था और 26 जून को तमंचे की बरामदगी के साथ पॉक्सो अधिनियम से संबंधित धाराओं में उसे जेल भेज दिया था।
ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में यह भी दावा किया कि संबंधित महिला पहले भी गांव के कई अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज करा चुकी है। उन्होंने मांग की कि मामले में गांव के सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएं और निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप असत्य पाए जाते हैं, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक और भाजपा पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी, जिससे न्याय सुनिश्चित होगा।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड