*शिक्षक दिवस पर टीकमगढ़ में शिक्षकों का अनोखा विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश, बोले- 8 साल से लटका है एरियर, तो कैसा शिक्षक दिवस*
*टीकमगढ़।* जिस दिन पूरे देश में शिक्षकों का सम्मान होना था, उसी दिन टीकमगढ़ में शिक्षकों को काली पट्टी बांधकर विरोध करना पड़ा। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के शिक्षकों ने शिक्षक दिवस पर एरियर भुगतान में देरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित के नेतृत्व में शनिवार सुबह सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं काली पट्टी लगाकर स्कूल पहुंचे और अपना विरोध दर्ज कराया।
*3 महीने नहीं, 8 साल से लटका है एरियर -*
जिलाध्यक्ष प्रमोद नापित ने बताया कि स्कूल के शिक्षकों के एरियर पिछले तीन महीने से नहीं, बल्कि कई वर्षों से लंबित हैं। कलेक्टर से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी तक कई बार ज्ञापन दिए, मौखिक निवेदन किया, लेकिन फाइल आज भी बाबुओं की टेबल पर धूल खा रही है।
शिक्षक कार्तिक खरे ने बताया कि उनका एरियर तो पिछले 8 साल से पेंडिंग है। वहीं शिक्षक करीम खान ने कहा कि हमने DEO और BEO से कहा था कि शिक्षक दिवस से पहले एरियर दे दीजिए, हम इसे ही आपका उपहार समझ लेंगे, लेकिन साहब ने तोहफा देना तो दूर, फाइल तक नहीं देखी।
*बिलों में विसंगति, ट्रेजरी से लौट रही फाइल -*
शिक्षकों का आरोप है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जो बिल ट्रेजरी भेजे गए, उनमें जानबूझकर विसंगतियां रखी गईं। इसी वजह से ट्रेजरी ने आपत्ति लगाकर बिल लौटा दिए। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि इसमें कार्यालय के बाबुओं और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत है।
महिला शिक्षिकाओं सविता नरवरिया, अनीता श्रीवास्तव, सीमा पुरोहित और अंजली ने कहा कि हम उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन अब धैर्य जवाब दे रहा है। सम्मान के दिन अपमान झेलना पड़ रहा है।
*2 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो धरना -*
प्रदर्शन के अंत में शिक्षकों ने गांधीगिरी तरीके से विरोध जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि दो दिवस के भीतर विद्यालय क्रमांक-2 के सभी शिक्षकों के लंबित एरियर का भुगतान नहीं हुआ तो वे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड