शुरू न्यूज़
जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के बाहर चारपाई पर सो रही 50 वर्षीय मीना देवी, जो स्वर्गीय कल्लू सिंह राजावत की पत्नी थीं, की अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी हथियार से वार कर हत्या कर दी। इस घटना का पता गुरुवार सुबह पड़ोसियों को चला, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मीना देवी अपने घर में अकेली रहती थीं, क्योंकि उनके दोनों पुत्र, 30 वर्षीय देवेंद्र सिंह और 25 वर्षीय विकेश सिंह, गुजरात के अंकलेश्वर में पत्थर और टाइल्स लगाने का काम करते हैं। गुरुवार रात जब मीना देवी अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं, तभी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से काफी रक्त बह गया और उसके छींटे आसपास तक फैल गए।
गुरुवार देर सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने उन्हें काफी देर तक एक ही अवस्था में पड़े देखा तो संदेह हुआ और पड़ोसी उनके घर पहुंचे तो मीना देवी को मृत अवस्था में देखकर सन्न रह गए। सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह और उपनिरीक्षक रमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतका के पारिवारिक देवर, छोटे सिंह के पुत्र रूपेंद्र सिंह उर्फ लला, से घटना की सूचना संबंधी प्रार्थना पत्र लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने मृतका के पुत्र देवेंद्र सिंह से दूरभाष पर संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि वे अभी अंकलेश्वर, गुजरात में हैं और शुक्रवार सुबह तक गांव पहुंच जाएंगे। देवेंद्र ने पुलिस से आग्रह किया है कि उनके पहुंचने तक आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जाए और गांव आने के बाद वे घटना के संबंध में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। फिलहाल, पुलिस हत्या के कारणों और हमलावर की तलाश में जुटी है, ग्रामीणों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड