शुरू न्यूज़
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के पितान पुरवा की रहने वाली पारुल ससुराल में झगड़े के बाद रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है। लापता होने से करीब 20 मिनट पहले उसने अपने पिता से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान पति से कहा था, “मारो और मुझे अभी मार डालो पर मैं घर छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगी।” पारुल के पिता ने उसके पति सहित ससुराल वालों पर हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मूल रूप से रसूलाबाद के ग्राम मित्रसेन पुर कहिंजरी निवासी और वर्तमान में गुड़गांव में रहने वाले चंद्रपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व अपनी बेटी पारुल की शादी विमलेश से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। बीते 13 जुलाई को पारुल ने फोन कर बताया कि उसका पति विमलेश उसके साथ मारपीट कर रहा है। फोन पर जब पिता बात कर रहे थे, तभी पारुल अपने पति से कह रही थी कि भले ही मुझे यहीं मार डालो लेकिन मैं घर छोड़कर नहीं जाऊंगी, जिसके बाद फोन कट गया। करीब 20 मिनट बाद जब पिता ने दोबारा फोन किया, तो दामाद विमलेश ने बताया कि पारुल घर छोड़कर चली गई है।
घटना के बाद 15 जुलाई को वापस लौटने पर पिता चंद्रपाल ने तत्काल असालतगंज चौकी में बेटी की हत्या कर शव गायब किए जाने की लिखित तहरीर दी। इसके बाद 16 जुलाई को उन्होंने थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार को भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन उनका आरोप है कि 5 दिन बीत जाने के बाद भी उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह का कहना है कि इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर महिला की खोज की जा रही है। असालतगंज चौकी प्रभारी संजय दत्त ने बताया कि जांच में अब तक महिला द्वारा किसी अन्य व्यक्ति से मोबाइल पर बात करने की जानकारी मिली है और उसकी तलाश जारी है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड