शुरू न्यूज़
सतना के कनियारी गांव में ग्रामीणों के कड़े विरोध के बावजूद दबंगई के बल पर जबरन शराब की दुकान खोले जाने से भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि कथित तौर पर ‘भाटिया’ द्वारा बाहुबल और बाहरी गुंडों का सहारा लेकर नियमों को ताक पर रखकर यह दुकान खोली गई है, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह दुकान पूरी तरह से रिहायशी इलाके में खोली गई है, जिसके पास घनी आबादी और लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़े स्थल स्थित हैं। आबकारी नियमों के अनुसार इस घनी बस्ती के बीच शराब दुकान का संचालन पूरी तरह अवैध है, लेकिन प्रशासनिक मिलीभगत या अनदेखी के चलते इसे जबरन चालू कर दिया गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो भाटिया के समर्थकों और बाहर से बुलाए गए कथित गुंडों ने ग्रामीणों को चुप रहने की धमकी दी और जबरन शटर खोलकर शराब बेचना शुरू कर दिया।
इस घटना को लेकर गांव की महिलाओं में सबसे ज्यादा गुस्सा देखा जा रहा है, जिनका मानना है कि रिहायशी इलाके में शराबियों के जमावड़े से उनके मान-सम्मान और सुरक्षा को खतरा पैदा होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि तुरंत संज्ञान लेकर दुकान को यहाँ से नहीं हटाया गया, तो वे उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे। इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि जबरन खुली इस दुकान को तुरंत बंद कराया जाए, विरोध करने वालों को धमकाने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई हो और आबकारी विभाग यह स्पष्ट करे कि रिहायशी इलाके में इस दुकान के संचालन की अनुमति आखिर कैसे दी गई।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड