शुरू न्यूज़
जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के भागीरथ बीघा स्थित राजा बाजार की शिक्षक कॉलोनी में बीती रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया, जहां से 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई। एक ही रात में हुई इन दो बड़ी चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पहली और सबसे बड़ी चोरी राजेश कुमार के घर में हुई। उनके पुत्र रविरंजन कुमार ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे, तभी चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर उस कमरे में प्रवेश किया जहां गोदरेज और आभूषण रखे हुए थे। भीतर से दरवाजा बंद कर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया, जिसमें उनकी मां, पत्नी और पिछले वर्ष विवाहिता हुई बहन के करीब 30 लाख रुपये मूल्य के गहने तथा लगभग 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
इसी मोहल्ले में चोरों ने दूसरी वारदात रवींद्र कुमार के घर में की। रवींद्र कुमार ने बताया कि चोर खिड़की तोड़कर घर में घुसे और उनकी माता के बक्से तथा सूटकेस को खंगाल डाला, जहां से चैन, जीतिया, पायल समेत करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। परिवार के लोगों को भी सुबह जागने पर ही चोरी की जानकारी मिली। एक ही रात में दो घरों में हुई इन चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है, और वे आरोप लगा रहे हैं कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं जबकि पुलिस की गश्ती व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड