शुरू न्यूज़
राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में मानसून की बेरुखी से परेशान किसानों की चिंता को देखते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की संवेदनशील पहल रंग लाई है। क्षेत्र में बारिश की लंबी खेंच के चलते खानपुर, सांगोद और पनवाड़ में खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं और धान की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं। किसानों की इस पीड़ा को देखते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने तुरंत मोर्चा संभाला और सीधे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को फोन कर जमीनी हकीकत से अवगत कराया। ऊर्जा मंत्री की इस त्वरित पहल पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने बिना किसी देरी के भंवरासा बांध से तुरंत पानी छोड़ने के कड़े निर्देश जारी कर दिए।
मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलते ही प्रशासनिक और विभागीय अमला पूरी तरह मुस्तैद हो गया। जल संसाधन विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी अभय कुमार ने उच्च स्तरीय समीक्षा कर तत्काल प्रभाव से हरिश्चंद्र सागर परियोजना की नहरों में जल प्रवाह शुरू करने के आदेश जारी किए। विभागीय अधिकारियों को बिना समय गंवाए नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पूर्व में बंद की जा चुकीं ये नहरें सरकार के इस त्वरित फैसले से फिर से कलकल कर उठी हैं और फसलों तक पानी पहुंच गया है।
सरकार के इस किसान हितैषी निर्णय से खानपुर, सांगोद और पनवाड़ क्षेत्र के हजारों धान उत्पादक किसानों को सीधा फायदा पहुंचा है। ऐन वक्त पर नहरों में आया यह पानी फसलों के लिए अमृत साबित हो रहा है, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। क्षेत्र के किसान संगठनों और अन्नदाताओं ने मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का सामूहिक आभार व्यक्त किया है। इस सफलता पर ऊर्जा मंत्री ने गहरी प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अन्नदाता की पीड़ा उनसे देखी नहीं गई और उनकी सरकार संकट की हर घड़ी में किसानों के साथ मुस्तैद खड़ी है।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड