लापता युवती का शव तालाब में मिला, परिवार में मचा कोहराम
सुबह तालाब में उतराता मिला 26 वर्षीय शिवानी का शव, परिजनों ने रात में ही पुलिस को दी थी सूचना; बचपन से मिर्गी के दौरे से थी पीड़ित
अजीतमल, औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हैदरपुर गांव में शनिवार शाम से लापता 26 वर्षीय युवती का शव रविवार सुबह गांव के तालाब में उतराता मिला। तालाब किनारे खेलने पहुंचे बच्चों ने शव देखा तो ग्रामीणों और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हैदरपुर निवासी बदन सिंह कठेरिया की पुत्री शिवानी शनिवार शाम करीब छह बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद रात में ही पुलिस को सूचना दी गई थी। परिजन पूरी रात शिवानी की तलाश में जुटे रहे।
रविवार सुबह गांव के उत्तरी छोर पर स्थित तालाब के किनारे बच्चे खेलने पहुंचे तो उन्होंने पानी में शव उतराता देखा। बच्चों की सूचना पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर शव को तालाब से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत और मुरादगंज चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बचपन से मिर्गी के दौरे की थी शिकायत
मृतका की मां संगीता देवी ने बताया कि शिवानी को बचपन से ही मिर्गी के दौरे पड़ते थे। इसी वजह से परिजन उसे घर से दूर नहीं जाने देते थे। शिवानी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उससे बड़ी बहन मोहिनी और भाई कपिल की शादी हो चुकी है। बेटी की मौत से मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि युवती के शनिवार शाम से लापता होने की सूचना मिली थी। रविवार सुबह तालाब में शव मिलने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
जम्मू और कश्मीर
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड