शुरू न्यूज़
मध्य प्रदेश में हुए 1200 करोड़ रुपये से अधिक के चावल घोटाले के संबंध में बालाघाट जिले के वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र में संचालित दो इथेनॉल प्लांटों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जितेंद्र “जीतू” पटवारी एवं मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार के निर्देशानुसार, सोमवार को जैक्सन बासीगांव इथेनॉल प्लांट एवं विसाग खाफा इथेनॉल प्लांट में यह कार्रवाई की गई। बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे एवं वारासिवनी विधायक श्री विवेक विक्की पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दोनों औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कर वहां की उत्पादन प्रक्रिया, पर्यावरणीय प्रबंधन, जल उपयोग, प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था तथा स्थानीय लोगों को दिए जा रहे रोजगार की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग और स्थानीय नागरिकों के हितों की रक्षा आवश्यक है। उन्होंने प्लांटों में बिहार, उत्तर प्रदेश और गोंदिया के श्रमिकों को रखे जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह अनुपात श्रमिक नियमों के अनुरूप दिखाई नहीं दे रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट प्रबंधन से इथेनॉल निर्माण की पूरी प्रक्रिया, कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों, दैनिक उत्पादन क्षमता, जल उपयोग के स्रोत, वायु प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली और अग्नि सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही, प्रबंधन से क्षेत्र के योग्य स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार देने की अपेक्षा की गई।
विधायक श्री विवेक विक्की पटेल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पर्यावरण, किसानों, जल स्रोतों और आम नागरिकों के हितों के अनुरूप होने वाले विकास कार्यों का समर्थन करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी की गई, तो उसे संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट प्रबंधन से आसपास के गांवों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और वृक्षारोपण जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों में सहयोग बढ़ाने का आग्रह भी किया। इस दौरे से प्राप्त तथ्यों और जानकारियों की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जितेंद्र “जीतू” पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार को सौंपी जाएगी।
अपना राज्य चुनें
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
बिहार
छत्तीसगढ़
दिल्ली
हरियाणा
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
मध्य प्रदेश
राजस्थान
उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड